ब्रिटेन दौरे पर गए पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख राशिद अहमद को घूंसा मारा गया और उन पर अंडे फेंके गए. पाकिस्तान की मीडिया में आयी खबरों में इसकी जानकारी दी गयी है.
- ब्रिटेन दौरे पर गए पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख राशिद अहमद को घूंसा मारा
- शेख राशिद अहमद पर अंडे फेंके गए
- पाकिस्तान की मीडिया में आयी खबरों में इसकी जानकारी दी गयी
लंदन:
ब्रिटेन दौरे पर गए पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख राशिद अहमद को घूंसा मारा गया और उन पर अंडे फेंके गए. पाकिस्तान की मीडिया में आयी खबरों में इसकी जानकारी दी गयी है. पाकिस्तान के मंत्री और अवामी मुस्लिम लीग के प्रमुख पर यह हमला उस समय किया गया जब वह इस हफ्ते के शुरू में लंदन में एक पुरस्कार समारोह स्थल से बाहर सिगार पीने के लिए निकले. खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) से जुड़े दो लोगों ने पीपीपी नेता बिलावल भुट्टो जरदारी के खिलाफ ‘‘अपमानजनक भाषा'' के इस्तेमाल के प्रतिशोध के रूप में हमले की बात स्वीकारी.
आसिफ खान एवं समाह नाज ने यह दावा किया कि राशिद साक्षात्कारों में हमेशा दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के बेटे बिलावल भुट्टो के खिलाफ ‘‘अपमानजनक एवं खराब भाषा'' का इस्तेमाल करते रहते हैं. उन्होंने कथित तौर पर कहा कि मंत्री को इस बात के लिए आभारी होना चाहिए कि केवल अंडे का इस्तेमाल किया गया जो इस तरह के ‘असभ्य राजनेता' से निपटने का एक ब्रिटिश तरीका था.
अवामी मुस्लिम लीग की ब्रिटेन इकाई के अध्यक्ष सलीम शेख ने पाकिस्तानी मीडिया को बताया, ‘‘हमने देखा कि आसिफ खान एवं एक महिला इस हमले में शामिल हैं लेकिन दोनों मौके से भाग गए और उनकी इस शर्मनाक घटना का कोई वीडियो साक्ष्य नहीं है लेकिन अब दोनों ने सामने आ कर हमले का दावा किया है.''
Comments
Post a Comment